बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर कट दिए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का धरना 41वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मिट्टी भरकर गांगनौली कट पर पहुंचे और कट निर्माण की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। धरनारत लोगों का कहना है कि वे पिछले 41 दिनों से कट की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है। उनका आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। क्षेत्रवासियों ने कहा कि वे प्रशासन के निर्णय का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं और अब कट की स्वीकृति मिलने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन के युवा जिलाध्यक्ष धीरज राठी ने कहा कि शुक्रवार को हर हाल में कट खोले जाने की उम्मीद थी। इसी को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मिट्टी भरकर धरनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कट निर्माण की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। धरने के दौरान धर्मेंद्र राठी, इकबाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, पुनीत, वीरेंद्र, सतेंद्र, रामकुमार समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।