बागपत जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। पहला हादसा शुक्रवार देर रात नैथला मोड़ के पास हुआ। हरियाणा के झज्जर जिले के माछरौली गांव से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे कांवड़ियों की बोलेरो पिकअप सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। वाहन के ऊपर बैठे तीन-चार कांवड़िये सड़क पर गिर गए। हादसे में सुंदर (31) निवासी माछरौली की मौत हो गई। वहीं सतीश (23) निवासी अहेरी और संदीप उर्फ बच्ची (20) निवासी कुदान घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरा हादसा शनिवार सुबह जिवाना टोल के पास हुआ। दिल्ली के करोलबाग से डाक कांवड़ लेकर हरिद्वार जा रहे कांवड़ियों की बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ गया। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से हिमांशु और जयपाल प्रधान घायल हो गए। साथ चल रहे करीब 40 कांवड़ियों ने दोनों घायलों को बड़ौत सीएचसी पहुंचाया। आरोप है कि वहां उपचार नहीं मिलने पर उन्हें बागपत जिला अस्पताल लाया गया। यहां भी उपचार को लेकर कांवड़ियों ने नाराजगी जताई और हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली।