आजमगढ़ में पुलिस अभिरक्षा में इलाज करा रहे घायल को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और एक को हिरासत में ले लिया है इसके साथ ही दूसरे की तलाश की जा रही है। आरोप है कि शहर कोतवाली क्षेत्र के हर्रा की चुंगी निवासी संजय यादव ने 15 अक्टूबर को तहरीर दिया था। आरोप था कि 15 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे उसके भाई करन यादव शेखपुरा निवासी साथी निखिल चौहान व हर्रा की चुंगी निवासी हर्ष चौहान के साथ अपने बाइक से बद्दोपुर की तरफ जा रहा था। जहां रास्ते में उसे दौलतपुर गांव निवासी अमन सिंह व आरटीओ ऑफिस के पास रहने वाले रोशन सिंह और एक अन्य व्यक्ति ने करन को फोन कर बद्दोपुर बुलाया। जहां जाते समय रास्ते में ही अमन सिंह ने अपने साथियों के साथ करन की गाड़ी को रोक कर करन के सीने में गोली मार दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की तलाश में जुट गई।शुक्रवार की भोर में लगभग तीन बजे हरैया के पास शहर कोतवाली पुलिस और अहरौला थाना क्षेत्र के गहजी गांव निवासी आरोपी रोशन सिंह उर्फ हिमांशु सिंह हरैया के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी रोशन सिंह उर्फ हिमांशु सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान पुलिस की मौजूदगी में एक व्यक्ति आता है और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए उसपर थप्पड़ जड़ देता है। उक्त घटना का किसी ने वीडियो भी बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसीपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि वायरल वीडियो मेरे संज्ञान में नहीं है। इसमें दो व्यक्ति शामिल थे। जिसमें एक युवक को हिरासत में लिया गया है। दूसरे की तलाश की जा रही है।