बाकरकोल ग्राम सभा अंतर्गत परगासपुर निवासी बहादुर राम ने पात्र होने के बावजूद प्रधानमंत्री / मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह वर्षों से अधिकारियों और कर्मचारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें आवास उपलब्ध नहीं कराया गया। अनुसूचित बस्ती के निवासी बहादुर राम ने बताया कि उनका कच्चा मकान पूरी तरह जर्जर हो चुका है। हाल की बारिश में मकान का एक हिस्सा गिर गया, जबकि मिट्टी की दीवारें भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। बरसात के मौसम में परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। वह ग्राम प्रधान के आश्वासन पर आवास मिलने की उम्मीद लगाए रहे, लेकिन लाभ नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक और तहसील स्तर पर कई बार शिकायत की। बीते सप्ताह खंड विकास अधिकारी अहरौला को लिखित शिकायत पत्र सौंपा। साथ ही उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर से भी मिला। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल उनके घर पहुंचे और फोटो लेकर चले गए, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बहादुर राम ने कहा कि स्थानीय स्तर समस्या का समाधान नहीं होने की दशा में अब वह मुख्यमंत्री दरबार में अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे। खंड विकास अधिकारी अहरौला विनीत कुमार यादव ने बताया कि हाल ही में सभी ग्राम प्रधानों को गांवों में सर्वे कराकर पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पात्रता के निर्धारित मानकों के आधार पर सूची तैयार की जा रही है। यदि लेखपाल की जांच रिपोर्ट में मामला आपदा प्रबंधन की श्रेणी में पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।