आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में साइकिल सवार एक किशोर की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से प्रसारित हो रहा है। प्रसारित इस वीडियो में एक किशोरी लड़के की पिटाई कर रही है। जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रणमो गांव के पास रोड पर एक किशोरी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एक साइकिल सवार किशोर की पिटाई कर रही है। किशोरी का कहना है कि वह जब कोचिंग आती-जाती है तो आरोपी ने उसे छेड़ता है। इसके बाद बुधवार को उसने रास्ते में लड़के की साइकिल रोककर उसकी पिटाई की। वहीं लड़का छेड़छाड़ के आरोपों को गलत बता रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय ने बताया कि लड़की की दादी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है। सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्रसारित किया गया है। इसमें एक छात्रा लड़के पर छेड़खानी का आरोप लगा रही है। इस मामले में पीड़िता के परिजन की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर लड़के के धरपकड़ के लिए जुट गई है।