आजाद अधिकार सेना की जिला इकाई ने सोमवार को मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग की। संगठन ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की गई है। जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि संगठन ने कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 252 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये करने की मांग शामिल है। महिला मेट का मानदेय 370 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रति कार्य दिवस करने को कहा गया है। रोजगार सेवकों का मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये करने की भी मांग की गई है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुनील चौधरी, हरी गोपाल मौर्य, गंगा प्रकाश और लाल बहादुर उपस्थित रहे। संगठन ने फर्जी जॉब कार्डों की जांच कर उन्हें तत्काल निरस्त करने की मांग की है। नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम ऐप के जरिये फर्जी हाजिरी लगाने वालों को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज करने को कहा गया है। फर्जी हाजिरी और गलत भुगतान के मामलों में संबंधित अधिकारियों की सीधे जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई है।