श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित निषादराज मंदिर में रविवार को प्रभु श्रीराम के परम मित्र निषादराज की जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया और सामूहिक आरती उतारी गई। कार्यक्रम में निषाद समाज के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। समारोह को संबोधित करते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डॉ. अनिल मिश्र ने निषादराज के जीवन और उनके श्रीराम के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि निषादराज की मित्रता और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में रामशरण रामायणी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक सुदीप, कमलेश, रविदास, महंत महेश दास, महंत श्याम सुंदर दास, महंत वीरेंद्र दास, महंथ बनवारीपति, महंत छत्तर दास, महंत स्वामी दास आदि मौजूद रहे।