अयोध्या में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से बृहस्पतिवार को रुदौली तहसील क्षेत्र में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। रात से शुरू हुई तेज हवाओं और रुक-रुककर बारिश का सिलसिला दिनभर जारी रहा। इससे खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल गिर गई। अचानक बदले मौसम ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेरने की आशंका बढ़ा दी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड का अहसास भी बढ़ गया। गौरियामऊ, मुजफ्फरपुर, कसारी, अशरफपुर गंगरेला, गनोली और रौजागांव समेत पूरी तहसील क्षेत्र में मौसम की मार का असर देखने को मिला। कई गांवों में खेतों में तैयार धान की फसल तेज हवा और बारिश के कारण जमीन पर बिछ गई। खेतों में पानी और नमी बढ़ने से गिरी हुई फसल के दाने खराब होने तथा गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। मौसम साफ नहीं हुआ और बारिश का सिलसिला जारी रहा तो किसानों को और नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान रविशंकर पांडेय, वीरेंद्र मिश्रा, देवतादीन, सुखदेव और रमेश पांडेय ने बताया कि धान की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी थी। इसी बीच तेज हवा और रुक-रुककर हो रही बारिश ने फसल को गिरा दिया। किसानों का कहना है कि खेतों में गिरी फसल की कटाई करना भी मुश्किल होगा। लगातार नमी बनी रहने से धान की गुणवत्ता और पैदावार पर असर पड़ सकता है। यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो नुकसान और बढ़ जाएगा। एसडीएम रुदौली विनोद गुप्ता ने बताया कि तहसील क्षेत्र में फसलों को हुए नुकसान का आकलन लेखपालों के माध्यम से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जनहानि और पशुहानि की कोई सूचना नहीं मिली है।