सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क में नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के कार्यकर्ता और पदाधिकारी सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने "चंदा चोर, चढ़ावा चोरी" और "जब-जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है" जैसे नारे लगाए। कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए गांधी पार्क और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और कानून-व्यवस्था बनाए रखी। कार्यक्रम के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।