अयोध्या के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम तिवारी का पुरवा धेनुवावा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लगातार दूसरे दिन भी जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुए हमले में महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव निवासी देवेंद्र पाल और उनके पड़ोसी अरविंद कुमार पाल के बीच रास्ते में खूंटा गाड़ने को लेकर विवाद चल रहा है। शिकायत पर रविवार दोपहर राजस्व कर्मी मौके पर पैमाइश करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना में देवेंद्र पाल, सुरेंद्र पाल, गीता पाल, विपिन कुमार और अरविंद कुमार समेत कई लोग घायल हुए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बीकापुर पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल देवेंद्र पाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने रविवार शाम कोतवाली में तहरीर दी थी। सोमवार दोपहर फिर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें अरविंद पाल, रामचेत पाल, रामतेज पाल, सोमनाथ पाल, सुरेंद्र, गंगाराम पाल, सीतापति और गीता पाल समेत कई लोग घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। सीओ दिनेश गोदारा ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।