डांडिया मंदिर में भंडारे के लिए मंगाए गए पराग डेयरी के दूध के कंटेनर को खोलते ही तेज दुर्गंध फैलने का मामला सामने आया है। मंदिर प्रबंधन का आरोप है कि कंटेनर के अंदर मरी हुई मक्खियां तैरती मिलीं। इसके बाद मंदिर के महंत ने मामले की शिकायत पुलिस से की। सूचना पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दूध का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक संदिग्ध दूध को इस्तेमाल नहीं किया गया और पूरा दूध नाले में बहा दिया गया। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दूध की गुणवत्ता और उसमें किसी तरह की मिलावट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है।