अयोध्या में तारुन थाना क्षेत्र के रामपुर भगन बाजार में भतीजे ने संपत्ति के विवाद में चाचा को पेट्रोल डालकर जला दिया। लगभग 90 फ़ीसदी जल चुके चाचा को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रामपुर भगन प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय निवासी 68 वर्षीय रोशन लाल हलवाई घर के बाहर लघुशंका कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान भतीजे सत्यम ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वह इधर-उधर भागने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। तब तक वे 90 फ़ीसदी जल गए। गंभीर रूप से जलने के बाद उनके भाई ने 108 एंबुलेंस बुलाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पर पुलिस ने पहुंचकर उनका बयान लिया। इसके बाद जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। जिला अस्पताल में गंभीर हालत में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग व्यापारी संदिग्ध हालात में जले हैं। भतीजे पर जलाने का आरोप है। जबकि आरोपी का कहना है कि रोशन लाल ने खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाई है। फिलहाल जांच की जा रही है।