अयोध्या: अयोध्या में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर तारुन क्षेत्र में बुधवार को घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। तमसा और बिशुही नदी के घाटों सहित 14 स्थानों पर 111 प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोरों और चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। क्षेत्र में कुल 161 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। इनमें से मंगलवार को 39 प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका था। बुधवार को 111 प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है, जबकि पांच प्रतिमाओं का विसर्जन अगले पांच दिनों में किया जाएगा। तमसा नदी के ऐमीघाट पर सबसे बड़े विसर्जन स्थल की व्यवस्था की गई है। यहां तारुन क्षेत्र की 29 और महाराजगंज क्षेत्र की करीब 25 प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। अन्य विसर्जन स्थल गौराघाट, रामनगर, बरेहटा, गंगापुर और उर्दहवाघाट सहित विभिन्न घाटों पर बनाए गए हैं। बिशुही नदी के तकमींनगंज, मैंहर कबीरपुर और चपरघटा पुल समेत अन्य स्थानों पर भी विसर्जन कराया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी लालचंद सरोज पुलिस बल के साथ घाटों पर मुस्तैद हैं। ऐमीघाट पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए गोताखोरों और लाइफ जैकेट की व्यवस्था की गई है। वहीं, जरूरी चिकित्सा किट के साथ चिकित्सकों की टीम भी तैनात है।