अयोध्या: अयोध्या के बीकापुर तहसील क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में सार्वजनिक नवीन परती की भूमि और परिक्रमा मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को सोमवार को तहसील प्रशासन ने हटवा दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से भूमि को कब्जामुक्त कराया। एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर निवासी शैल कुमारी पत्नी हरिप्रसाद ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि गाटा संख्या 310 ग की नवीन परती भूमि पर गांव के कुछ लोगों ने टीनशेड और छप्पर रखकर कब्जा कर लिया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद सोमवार को तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की टीम गांव पहुंची। टीम ने जेसीबी की मदद से नवीन परती भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवा दिया। साथ ही शैल कुमारी के गाटा संख्या 365 से सटे परिक्रमा मार्ग को भी चिह्नित कर अतिक्रमणमुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार रामखेलावन, राजस्व निरीक्षक दिनेश सिंह, हल्का लेखपाल सविता पटेल और लेखपाल अमन पांडेय सहित राजस्व टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।