अयोध्या में कर्बला के शहीदों की याद में दसवीं मुहर्रम पर शुक्रवार को अयोध्या में गम और अकीदत के साथ ताजिया जुलूस निकाले गए। शहर के चौक, बेनीगंज, गुलाबबाड़ी सहित विभिन्न मोहल्लों में सुबह से ही मजलिस, फातिहा और दुआ का सिलसिला चलता रहा। अकीदतमंदों ने आशूरे के मौके पर इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। दोपहर बाद या हुसैन की सदाओं के बीच ताजिया जुलूस अपने-अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरे। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और मातम कर इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद किया। देर शाम नम आंखों और गमगीन माहौल में ताजियों को निर्धारित कर्बला स्थलों पर सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे।