अयोध्या में बारिश के बाद शहर में जगह-जगह जमा कूड़ा और चोक नालियां लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हैं। कई मोहल्लों में नियमित सफाई न होने से कूड़े के ढेर लगे हैं तो नालियों में गंदा पानी जमा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है। इसके बावजूद नगर निगम की सफाई व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आ रही है। सरयू घाट के आसपास कूड़ा पड़ा होने से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। धार्मिक नगरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोजाना सरयू तट पहुंचते हैं, ऐसे में घाट के आसपास फैली गंदगी शहर की छवि पर भी असर डाल रही है। लोगों का कहना है कि घाट क्षेत्र में नियमित सफाई के साथ कूड़ा उठाने की व्यवस्था भी दुरुस्त होनी चाहिए। अमानीगंज में भी कई जगह कूड़ा पड़ा मिला। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई स्थानों पर समय से कूड़ा न उठने के कारण गंदगी बढ़ती जा रही है। रीडगंज में भी कई जगह कूड़े के ढेर दिखाई दिए। यहां कुछ स्थानों पर नालियां चोक होने से गंदा पानी जमा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और मच्छरों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।