यूपी के अयोध्या में आबकारी नीति 2025 के तहत लॉटरी के माध्यम से शराब की दुकानों का प्रथम चरण का आवंटन किया गया। अयोध्या की 365 शराब व भांग की दुकानों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया है। ये आवंटन अभी प्रथम चरण का है। प्रथम चरण में अगर दुकानों का आवंटन पूरा नहीं होगा तो द्वितीय चरण में फिर आवेदन लिए जाएंगे। आबकारी उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि जनपद में 228 देसी शराब की दुकान, तीन मॉडल शॉप, 125 कंपोजिट शॉप जिसमें अंग्रेजी और बीयर शामिल होगी। इसके साथ ही जनपद में नौ भांग के ठेके भी आवंटित किए गए हैं। मंडलायुक्त कार्यालय के गांधी सभागार में ई लॉटरी के माध्यम से शराब की दुकानें आवंटित की गईं। ई-लॉटरी के समय गांधी भवन के बाहर ठेकेदारों और उनके कर्मचारियों की गहमागहमी बनी रही। ई लॉटरी आबकारी उपायुक्त सुधीर कुमार, डीएम चंद्र विजय सिंह व एसएसपी राज करण नय्यर की देखरेख में संपन्न कराई गई। इस दौरान पुलिस भी सतर्क दिखी। आबकारी उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि आवंटियों की सूची वेबसाइट nic.in.ayodhya पर भी अपलोड की जा रही है।