कोतवाली क्षेत्र के चिरकुआ गांव में एक छात्रा का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। उसकी मां कमरे के बाहर बरामदे में सो रही थीं। सुबह उन्होंने बेटी का शव लटका देखा तो चीख पड़ीं। सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव चिरकुआ निवासी गिरेंद्र सिंह की बेटी जूली (17) बिधूना में स्थित श्री गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर में कक्षा 12 की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक सोमवार की रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में पढ़ाई करने लगी। उसकी मां रेखा देवी ने बताया कि रात करीब 11 बजे बेटी पढ़ रही थी। इससे वह कमरे के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो गईं। सुबह उठीं तो बेटी का शव कमरे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा।