गजराैला ब्लॉक के कटाई गांव में सड़क पर जल भराव होने के कारण एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाइक सवार पानी में गिरने के कारण हादसे का शिकार हो रहे हैं। गांव कटाई से चौबारा, नवादा, टांडा पूठी, पीपली दाऊद, अब्दीपुर, शेरगढ़ समेत करीब एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों का हसनपुर और गजरौला आना जाना होता है। उपरोक्त गांवों को जोड़ रही सड़क पर पानी भरा है। जिससे ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव निवासी आमिर खान, डॉ.शाह आजम, कलुआ, मंसूर खां, गुलफाम, असद खां, चुम्मन खा आदि ग्रामीणों का कहना है कि कई गांवों को जोड़ रही सड़क पर जल भराव होने के कारण बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब रमजान चल रहे हैं। नमाज पढ़ने जाते समय यह ध्यान रखना पड़ता है कि कीचड़ और पानी भरे मार्ग से किसी वाहन के गुजरने से कपड़ों पर छींट न आ जाए। जल भराव उनके गांव की सबसे बड़ी और अहम समस्या बनी है। जिससे निजात दिलाने के लिए ग्राम प्रधान से भी कई बार गुहार लगा चुके हैं, मगर समाधान नहीं हो रहा है। ग्राम प्रधान अफसा खानम के पति शोएब खान का कहना है कि दबंग प्रवृत्ति के कुछ लोगों नेे नाला बनने नहीं दिया। इस कारण पानी भर रहा है। अब जल्द ही सोखता गड्ढा बनवाया जाएगा।