गजरौला में खेल के मैदान ऊपर से मूलकटा में गुजर रहीं बिजली की दो हाईटेंशन लाइनों को चार साल बाद भी नहीं हटाया गया। उनके कारण खिलाड़ियों के साथ हादसे का डर बना रहता है। हवा चलने या आसमान में बादल होने पर खिलाड़ी दहशत के चलते मैदान में खेलने नहीं जाते। मूलकटा गांव जलालपुर कलां ग्राम पंचायत का मजरा है। जिसमें इस समय खेल का पांच बीघे रकबे में फैला शानदार मैदान है। चार साल पूर्व गांव में बाेंगे, बिटौरे और कूड़ी के ढेरों को हटाकर इसे तैयार किया गया था। बच्चों को खेलने और नौकरी की तैयारी कर रहे गांव के युवाओं को कसरत करने, दौड़ लगाने आदि के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े, इस उद्देश्य से मैदान बनाया गया था। ग्राम प्रधान बंटी यादव के प्रयास से मनरेगा ने भी इस पर काम किए। मगर मैदान के ऊपर से गुजर रहीं बिजली की दो लाइन इसकी उपयोगिता को छीन रही हैं। गांव निवासी एवं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.जितेंद्र यादव, नर सिंह, सरस कुमार, सोविंदर सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है कि मैदान के ऊपर से गुजर रहीं दो हाईटेंशन लाइनों के कारण गांव के लोग न तो खुद मैदान में जाते हैं और न ही अपने बच्चों को भेजते हैं। तेज हवा चलने या आंधी आने पर दोनों लाइनों के तार टूटकर गिरने का खतरा बना रहता है। ग्राम प्रधान बंटी यादव का कहना है कि उन्होंने लाइन हटवाने के लिए काफी भागदौड़ की। पत्र भी लिखे, लेकिन नतीजा सिफर रहा है।