गजरौला। कांवड़ियों की अपने ईष्ट भगवान भोलेनाथ में भक्ति और श्रद्धा निराली है। आसमान से गरज रही बिजली और बारिश में भी उनके कदम नहीं डिगे। अलग-अलग मार्गों से कांवड़ियों के कारवां अपनी मंजिल तय करते रहे। बीते सोमवार रात करीब 8 बजे से ही हल्की बारिश शुरू हो गई थी। इसके बाद रात भर रुक रुक कर बरसात होेती रही। साथ में बिजली कड़कती रही। मंगलवार को भी सुबह तेज बारिश हुई। इस दौरान भी बिजली कड़क रही थी,मगर इस बारिश में कांवड़ियों का उत्साह, आस्था और श्रद्धा अलग ही देखने को मिली। वह बारिश में भी अपनी मंजिल तय करते रहे। उनके मुंह से निकल रहे शब्द बोल भोले श्रद्धा और आस्था को दोगुना कर रहे थे। हरेक मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों के जत्थे के कारण वातावरण शिवमय हो गया है।