तालाब में तब्दील सड़क ललिता देवी मंदिर पर मनौती मांगने आने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी का सबब बनेगी। चैत्र माह के प्रत्येक मंगलवार को लाखों श्रद्धालु मनौती मांगने मंदिर में आते हैं। जिनकी कामना पूर्ण हो जाती है, वह प्रसाद चढ़ाने आते हैं। मोेहल्ला बस्ती स्थित ललिता देवी मंदिर पर चैत्र माह के प्रत्येक मंगलवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के श्रद्धालु मनौती मांगने आते हैं। जिनकी मनोेकामना पूर्ण हो जाती है, वह मंदिर में मस्तक टेक कर प्रसाद चढ़ाते हैं। दूर दराज के श्रद्धालु सोमवार की रात को ही आकर डट जाते हैं। इंदिरा चौक पर पालिका ने पुलिया का निर्माण कराया हैै। इस कारण बस्ती को जाने वाला मार्ग कई दिन बंद रहा, जो अभी पूर्णतया नहीं खोला गया हैै। जिससे बस्ती की तरफ आने और जाने वाले लोगों को परेेशानी का सामना करना पड़ रहा हैै। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और अवंतिका पार्क के सामने से स्टेशन की तरफ जा रही सड़क इस समय तालाब में तब्दील है। करीब दो सौ मीटर तक सड़क पर पानी भरा हैै। उसमें गड्ढे बने हैं, जबकि इस मार्ग से हजारों श्रद्धालु मंदिर तक आते-जाते हैं। तालाब में तब्दील सड़क मंदिर पर मनौती मांगने आने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी का सबब बनेगी। ईओ ललित कुमार आर्य का कहना है कि जल भराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए टैंकर से पानी निकलवाया जाएगा। जहां सड़क पर गड्ढे बने हैं, उनको दुरुस्त कराया जाएगा। श्रद्धालुओं को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।