गजरौला। खेतों को जाने वाले मुख्य मार्ग पर बाढ़ का पानी भरा होने के कारण ओसीता जगदेवपुर के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल स्तर 35 सेमी कम हो जाने पर भी बाढ़ के पानी से निजात नहीं मिल रही है। चार दिन पूर्व बीते शुक्रवार को गंगा का जल स्तर 50 सेंटीमीटर बढ़ जाने के कारण गेज 200.05 मीटर दर्ज किया गया था। जल स्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी ओसीता जगदेवपुर के खेतों की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर भर गया था। चार दिन बाद मंगलवार को तिगरी में जल स्तर 199.70 मीटर दर्ज किया गया, जोे बीते 24 घंटे में 20 सेमी कम हो गया है, जबकि बिजनौर बैराज से गंगा में 52706 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जल स्तर कम होने के बाद भी खेतों को जाने वाले मुख्य मार्ग में भरे बाढ़ के पानी से ओसीता जगदेवपुर के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके ट्रैक्टर, बुग्गी आदि ले जाने में तीन फीट पानी परेशानी का सबब बन रहा है। बाढ़ खंड विभाग के जेेई सुभाष चंद गहलौत का कहना है कि जल स्तर 20 सेंटीमीटर कम हो गया है।