ललिता देवी मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने के लिए चैत्र माह के चौथे मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। प्रसाद चढ़ाने के बाद मनौती मांगी। बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। चैत्र माह के प्रत्येक मंगलवार को ललिता देवी मंदिर पर मनौती मांगने, प्रसाद चढ़ाने और बच्चों का मुंडन संस्कार कराने के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही दूसरे प्रदेशों से भी लोग आते हैं। चौथे मंगलवार को मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने, ललिता देवी से मनौती मांगने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के 3 बजे से ही श्रद्धालु मंदिर में पहुंचने लगे थे। 4 बजे मंदिर में इस कदर भीड़ उमड़ी कि दो लंबी लाइन लग गईं। हाथ में नारियल, परवल और गेहूं का प्रसाद लिए खड़े श्रद्धालु ललिता देवी की जयकार कर रहे थे। मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर मनौती मांगीं। बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। महिलाओं और युवतियों ने मंदिर परिसर में लगे मेले में खरीदारी की। भारी भीड़ के कारण पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।