यूपी के अमेठी में विद्युत रोस्टर का पालन न होने और बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान महिला किसानों ने बृहस्पतिवार को अधीक्षण कार्यालय पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कार्यालय का घेराव किया। अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर निर्धारित समय के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी। महिला किसानों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इस कारण खेतों में सिंचाई कार्य समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। फसलों को पर्याप्त पानी न मिलने से नुकसान की आशंका बनी रहती है। बिजली न रहने से कृषि कार्यों के साथ घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। पानी भरने, अनाज पीसने और बच्चों की पढ़ाई में दिक्कतें सामने आ रही हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अघोषित कटौती से उपभोक्ताओं को पूर्व जानकारी नहीं मिल पाती। अचानक बिजली बंद होने से छोटे दुकानदारों का काम रुक जाता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में परेशानी होती है। महिलाओं ने मांग रखी कि बिजली कटौती की स्थिति में पहले से सूचना दी जाए और अनावश्यक कटौती पर नियंत्रण किया जाए। महिला किसानों ने एकमुश्त समाधान योजना से जुड़ी समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाया। उनका कहना रहा कि योजना की अवधि में बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं। पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही नियमों के अनुसार कार्रवाई हो, ताकि उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें। प्रदर्शन में रीता सिंह, कुसुम, रानी, कमलेश, सुषमा सहित कई महिला किसान मौजूद रहीं। महिलाओं ने कहा कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगे भी विरोध किया जाएगा।