अंबेडकरनगर में श्रावण मास के पहले दिन शुक्रवार को जिले भर के शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही शिव भक्त बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए मंदिरों की ओर निकल पड़े। मंदिर परिसर घंटियों, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से गूंजता रहा। अकबरपुर के शिव बाबा धाम में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का आवागमन होता रहा। श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भस्म लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे। पूरे दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन, आरती और भक्ति संगीत का दौर चलता रहा। महिलाओं और युवाओं ने भी भारी संख्या में हिस्सा लिया। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने शिव तांडव स्रोत और ओम नमः शिवाय का जाप कर भगवान शिव को प्रसन्न किया।