ढाबे पर नशे की हालत में बवाल करने के बाद संचालक और ढाबाकर्मियों से मारपीट के आरोप में एसपी ने चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। टांडा बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग के विजयगांव हाईवे पर संचालित सेठ-दा-ढाबा संचालक आलोक रंजन के मुताबिक बृहस्पतिवार रात 10.30 बजे चार पुलिसकर्मी नशे में धुत ढाबे पर आए। इसके बाद वहां बवाल करने लगे। ढाबे में मौजूद अन्य ग्राहक भयभीत होकर जाने लगे। इसकी सूचना ढाबाकर्मियों ने संचालक को दी। संचालक आलोक रंजन त्रिपाठी जब पुलिसकर्मियों के पास पहुंचकर उनको समझाना चाहा तो चारों सिपाहियों ने उनका कालर पकड़कर उन्हें ढाबे के बाहर ले जाकर पिटाई की। संचालक ने शुक्रवार को मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने आरोपित चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।