अंबेडकरनगर में अकबरपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए स्टेशन परिसर को अब सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाया जा रहा है। इसके तहत पूरे स्टेशन पर कुल 55 कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी। रेलवे प्रशासन द्वारा एकीकृत सुरक्षा प्रणाली के अंतर्गत यह व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए स्टेशन परिसर में एक नया कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इस कंट्रोल रूम में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की तैनाती की जाएगी, जो लगातार स्टेशन की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और किसी भी संदिग्ध स्थिति पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि स्टेशन पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।