प्रयागराज जिले में पुलिस ने एक मकान के अंदर जमीन में दबाकर रखी गई करोड़ों रुपये की नकदी बरामद की है। नवाबगंज क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान जमीन की खुदाई कर ड्रमों में रखी नोटों की गड्डियां निकाली गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नकदी में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिली हैं। बरामद रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बुधवार देर शाम सूचना मिलने के बाद मकान की घेराबंदी कर तलाशी और खुदाई कराई। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है और आयकर विभाग सहित संबंधित एजेंसियों को भी सूचना दी गई है।