अलीगढ़ में थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड पर 28 सितंबर को खुद को यूट्यूबर बताने वाले तीन युवकों को राह चलती छात्राओं के साथ प्रैंक वीडियो बनाना खासा भारी पड़ गया। युवकों को छेड़खानी करते हुए समझकर लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और फिर उनकी जमकर धुनाई करते हुए उन्हें इलाका पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच घटना की जानकारी पाकर पहुंचे भाजपाइयों ने तीनों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में जमकर हंगामा काटा। हालांकि पुलिस ने जब तीनों से पूछताछ की तो सभी हैरान रह गए और लौट गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।