आगरा के बलकेश्वर स्थित श्री बिलवकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्री बिल्वकेश्वरनाथ भक्त मंडल की ओर से शुक्रवार को मेहंदी उत्सव के साथ तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव में द्वादश ज्योतिर्लिंगों के साक्षात दर्शन विशेष आकर्षण रहेंगे। मंदिर परिसर में महिलाओं ने शिव पार्वती नाम की मेहंदी रचाई। महंत सुनील कांत नागर ने बताया कि 15 फरवरी रविवार को शाम को शिवम पार्क कमला नगर से विशाल शिव बारात निकाली जाएगी। डमरू-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ बारात विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। यहां भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा तथा छप्पन भोग के दर्शन कराए जाएंगे। रात्रि में चार पहर की महाआरती एवं बाबा भोले का विशेष श्रृंगार होगा। महोत्सव के समापन पर खप्पर पूजन एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। बताया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की गई है।