छात्रों में भगवद्गीता के महत्व को समझने और जीवन का आधार बनाने के उद्देश्य से अशोका आर. फाउंडेशन और जगन्नाथ मंदिर की ओर से थिंक गीता लिव गीता निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का पोस्टर विमोचन सोमवार को संजय प्लेस स्थित मैरियट होटल में किया गया। अशोका आर.फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को बचपन से ही भगवद्गीता के मूल्य समझाना है, जिससे बच्चों में नैतिक शक्ति, सकारात्मक सोच और जीवन में स्पष्टता विकसित हो। वहीं अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि गीता से मिला ज्ञान जीवन में सफलता की राह दिखाता है। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप दास ने कहा कि भगवद्गीता विद्यार्थियों के लिए जीवन की सर्वोत्तम मार्गदर्शिका है। यूपी, आईसीएसई और सीबीएसई बोर्ड के सभी विद्यालयों में 20 जनवरी से पहले प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। एक घंटे के निबंध लेखन में पत्रक पर अपना नाम, कक्षा, वर्ग और टैग नंबर लिखना अनिवार्य है तथा उत्तर पत्रक 20 जनवरी तक जमा करने होंगे। चार वर्गों में प्री-जूनियर (कक्षा 1–2)- मेरी पसंदीदा कृष्ण लीला, सब-जूनियर (कक्षा 3–5)- गीता का प्रिय श्लोक और जीवन में उसका महत्व, जूनियर (कक्षा 6–8)- भगवद्गीता से सफलता के सूत्र और सीनियर (कक्षा 9–12)- आधुनिक जीवन में भगवद्गीता की उपयोगिता इन विषयों पर निबंध लिखेंगे। 26 जनवरी को संजय प्लेस स्थित अशोका मॉल में विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया जाएगा। सात्यकि बनर्जी, स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, रामानंद चौहान, राघवेंद्र सचदेवा, एसके अग्रवाल, मनीष राय, मोहित बंसल, रवि नारंग, रिंकू जैन, गिरधर शर्मा, देवेंद्र यादव व अन्य उपस्थित रहे।