हैदराबाद की रेव पार्टियों के लिए एमडीएमए ड्रग्स की बिक्री ई-कॉमर्स कंपनी की साइट के माध्यम से की जा रही थी। केमिस्ट्री के शिक्षक दिव्यांग मनोज से पूछताछ में पुलिस को यह जानकारी मिली। आरोपी को शनिवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एडीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि जोधपुर के एक निजी विद्यालय के गणित के शिक्षक वीरेंद्र को एक सप्ताह पहले तेलंगाना नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने पकड़ा था। उससे पूछताछ के बाद फिरोजाबाद निवासी मनोज का नाम आया था। वह खंदौली के नगला मट्टू में परिवार सहित किराए के मकान में रह रहा था। शुक्रवार को पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ा।