आगरा रेल मंडल में 1370 करोड़ रुपये के बजट से स्टेशनों और रेलवे की दशा सुधारी जाएगी। कई परियोजनाओंं की रफ्तार बढ़ेगी, वहीं यात्रियों सुविधाओं में इजाफा होगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कीठम भांडई लाइन पर नया स्टेशन बनेगा। साथ ही कई स्टेशनों का कायाकल्प होगा। सोमवार को डीआरएम गगन गोयल ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 में रेलवे मंडल को 1370 करोड़ रुपये का बजट मिला है। इसमें प्रमुख रूप से आगरा फोर्ट-बांदीकुई रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम होगा। इसकी कुल लागत 987 करोड़ रुपये है। इसी साल दिसंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। धौलपुर-सरमथुरा नैरोगेज से ब्रॉडगेज लाइन में बदली जाएगी। इसकी लागत 746 करोड़ रुपये है। इसे भी इसी साल दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। डीआरएम के मुताबिक भांडई-कीठम तीसरी रेल लाइन परियोजना को गति मिलेगी। यहां नया स्टेशन बनाया जाएगा। इसे भी दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। मथुरा जंक्शन यार्ड की री-मॉडलिंग का काम भी किया जाना है जो दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रणव कुमार, परियोजना प्रबंधक कमलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक गार्गी उमराव, कुलदीप मीना, शैलेश कुमार, पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।