भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के कारण डायरिया, डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की खासी भीड़ जुटी। इनमें गर्मी से चक्कर आने, उल्टी-दस्त और सिर में दर्द की परेशानी मिल रही है। पसीना अधिक आने पर ब्लड प्रेशर भी कम मिल रहा है। हालत गंभीर मिलने पर इनको भर्ती भी करना पड़ रहा है। ओपीडी में 3,887 मरीज आए। इसमें 1,387 नए और 2,200 पुराने मरीज रहे। सबसे ज्यादा मेडिसिन विभाग में 721 मरीज आए। मेडिसिन विभाग के डॉ. अजित चाहर ने बताया कि भीषण गर्मी और बाहर का दूषित भोजन करने से उल्टी-दस्त, पेट में दर्द के मरीज सबसे ज्यादा हैं। कई ऐसे मरीज भी आए, जिनको चक्कर आ रहे थे। सिरदर्द हो रहा था और शरीर में पानी की कमी भी मिली। ऐसे 8-10 मरीजों को भर्ती किया। इमरजेंसी में भी ऐसे रोजाना 10-12 मरीज आ रहे हैं। राहत की बात है कि प्रारंभिक इलाज देने के बाद 24 घंटे में ठीक हो रहे हैं। त्वचा रोग विभाग के डॉ. यतेंद्र चाहर ने बताया कि तेज धूप और गर्मी से सन बर्न, लाल दाने, चकत्ते, खुजली-जलन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। धूप के सीधे संपर्क वाले हिस्सों पर झाइयां, चकत्ते, लाल दाने, खुजली की परेशानी मिल रही है। इनमें कामकाजी लोग अधिक हैं, जो अधिकतर समय कार्यालय-घर के बाहर रहते हैं।