कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ अखिल भारत हिंदू महासभा ने प्रदर्शन किया है। ग्राम आबिदगढ़ निवासी नितेश भारद्वाज ने बताया कि लखनऊ में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा की ओर से लगाए गए एक होर्डिंग में राहुल गांधी और अजय राय को भगवान राम-लक्ष्मण के रूप में दिखाया गया है। इसको लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने आक्रोश जताया। इसके जवाब में आगरा में जिला मुख्यालय के पास होर्डिंग लगाया गया। इसमें राहुल गांधी को मांसाहारी खाना खाते हुए दिखाया गया। इसके साथ ही राहुल गांधी का पोस्टर भी जलाया गया। जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा की राहुल गांधी मांसाहारी खाना खाते हैं। ऐसे व्यक्ति के हाथ में भगवान शिव का धनुष बाण यह सभी सनातन धर्म का घोर अपमान है। हिंदू महासभा मंडल महामंत्री नितेश भारद्वाज ने कहा कि हमने चार अक्तूबर को थाना खंदाैली में मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। अगर प्रशासन ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो छह अक्तूबर को सुबह 11 बजे पुलिस कमिश्नर के कार्यालय पर ज्ञापन दिया जाएगा।