बिचपुरी। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के कस्बा बिचपुरी स्थित होली मोहल्ला में सोमवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बना लिया। पीड़ित हरेंद्र सिंह पुत्र दरियाब सिंह ने बताया कि उनकी कस्बे में दूध की डेयरी है। वह रोजाना की तरह सोमवार रात पत्नी गजना के साथ घर में ताला लगाकर कुछ दूरी पर स्थित पशुओं के वाड़े में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो गोदरेज का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब सात से आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू की। चौकी इंचार्ज बिचपुरी मोहित मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हो गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रहे हैं।