आगरा। आयुष्मान भारत योजना में 25 नए अस्पताल और पंजीकृत हो गए हैं। इसमें सात सुपर स्पेशियलिटी सेंटर हैं। अब 136 अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज पा सकते हैं। पात्र लाभार्थियों के लिए कार्ड का केवाईसी कराना भी जरूरी है। केवाईसी नहीं होने पर नाम हटाए जा सकते हैं। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों को पंजीकरण करने में प्राथमिकता दी जा रही है। अभी तक 136 अस्पताल पंजीकृत हो गए हैं। इसमें 31 सुपर स्पेशियलिटी समेत 78 निजी अस्पताल हैं। 54 सीएचसी और पीएचसी के अलावा एसएन मेडिकल कॉलेज, सैन्य अस्पताल, जिला अस्पताल, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान भी पंजीकृत हैं। बीते दो महीने में 25 नए अस्पताल पंजीकृत हुए हैं। इनमें सात सुपर स्पेशियलिटी हैं। इनमें कैंसर, किडनी, लिवर, हृदय रोग, हड्डी रोग समेत विभिन्न बीमारियों का इलाज और सर्जरी की सुविधा मिल रही है। अभी तक 1.49 लाख मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल चुका है। 9.80 लाख लोगों के कार्ड बन चुके हैं। 70 साल से अधिक उम्र के 66,459 लोगों के कार्ड बन चुके हैं।