आगरा। महिला जिला अस्पताल में ने लोक निर्माण विभाग निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। मदर मिल्क बैंक भी बनेगा, जिससे प्रसूता के निधन के बाद नवजात को मां का दूध प्राप्त हो जाए। 200 बेड होंगे। यह करीब डेढ़ साल में तैयार होने की उम्मीद है। इंटीग्रेटेड प्लान के तहत लेडी लॉयल के लिए सीएमओ कार्यालय के पास पांच एकड़ में नया भवन बन रहा है। इसका बजट करीब 86 करोड़ रुपये है। इसका डिजाइन तय हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रसव व ऑपरेशन कक्ष के साथ आईसीयू और मदर कंगारू केयर यूनिट बनेगी। खास बात मदर मिल्क बैंक बनाया जाएगा। इसमें फीडिंग कक्ष होंगे। इसमें प्रसूता की मौत होने पर नवजात के लिए मां का दूध जुटाया जाएगा। इससे नवजात का जीवन बचेगा। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि लोक निर्माण विभाग महिला जिला अस्पताल के लिए नया भवन बना रहा है। 86 करोड़ रुपये बजट है और इसमें 200 बेड की क्षमता होगी। पहली किस्त के तौर पर 37 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इस धनराशि को कार्यदायी संस्था के खाते में स्थानांतरित कर दिया है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि लेडी लॉयल के नए भवन के लिए एसएन कॉलेज की पांच एकड़ जमीन आवंटित कर दी है। लेडी लायल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. पुष्पलता ने बताया कि नया भवन बनने के बाद अस्पताल शिफ्ट हो जाएगा।