आगरा। जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण पूर्ण होने के बाद शुक्रवार को दूसरे चरण का शुभारंभ कर दिया गया। नगर क्षेत्र में 12 सुपरवाइजर और 69 प्रगणकों ने घर-घर जाकर विभिन्न जानकारियां एकत्र करने का कार्य शुरू किया। सुबह से ही टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर डोर-टू-डोर सर्वे किया। जनगणना के दूसरे चरण में परिवार से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां ऑनलाइन दर्ज की जा रही हैं। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, मकान में कमरों की संख्या, मकान का स्वामित्व, दंपतियों की संख्या, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश का स्रोत, स्नानघर, गैस कनेक्शन, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सुपरवाइजरों और प्रगणकों ने लोगों से सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।