आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में बाईपास सर्जरी की सुविधा 25 मार्च से शुरू हो जाएगी। इसके लिए माॅड्यूलर ऑपरेशन थिएटर तैयार हो गया है। हार्ट-लंग मशीन का ट्रायल भी हो गया है। पहला ऑपरेशन दिल्ली की विशेषज्ञ टीम की निगरानी में होगा। प्राचार्य डाॅ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी सेंटर की पांचवीं मंजिल पर ऑपरेशन थिएटर बना है। इसमें हार्ट-लंग मशीन लग गई है। इसको चलाकर ट्रायल कर लिया है। चिकित्सक और स्टाफ को भी प्रशिक्षण मिल चुका है। पहले ऑपरेशन के लिए दिल्ली के एक नामी अस्पताल के चिकित्सकों से संपर्क किया है। बाद के ऑपरेशन एसएन के विशेषज्ञ ही करेंगे। उन्होंने बताया आयुष्मान कार्डधारक, मुख्यमंत्री राहत कोष और असाध्य योजना के लाभार्थियों को निशुल्क सुविधा मिलेगी। अन्य मरीजों के लिए इसका शुल्क 8 हजार रुपये है। कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग के डॉ. सुशील सिंघल ने बताया कि रक्त संचार करने वाली तीनों नस बंद होने, वाल्व लीकेज होने या फिर वाल्व न लग पाने वाले मरीजों की बाईपास सर्जरी की जाती है। ओपीडी में रोजाना 2-5 मरीज ऐसे आ रहे हैं। अभी 45 मरीजों का पंजीकरण हुआ है।