आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सीता नगर जाट वाली गली से शुक्रवार शाम करीब चार बजे खुशियों के माहौल में बरात अतरौली के लिए निकली थी। बरातियों ने हंसी-खुशी सफर पूरा किया। धूमधाम से बरात चढ़ने के बाद सभी ने दावत खाई। इसी दौरान वरमाला के लिए दूल्हा-दुल्हन स्टेज की ओर जा रहे थे। आरोप है कि इसी बीच दुल्हन पक्ष के कुछ लोग बरातियों को विदाई देने के बहाने मैरिज होम के गेट पर बुलाकर ले गए। चेन खींचने को लेकर विवाद हो गया और विरोध करने पर बरातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में दूल्हे के चचेरे भाई विनय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज और मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मौत की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।