आगरा के फतेहाबाद में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में कार और ट्रक पलट गए। दोनों घटनाओं में वाहन चालकों को नींद की झपकी आना हादसे की वजह बताया गया है। पुलिस व यूपीडा टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के शोभा नगर निवासी कार चालक जसवंत सिंह पुत्र विजय सिंह अपने साथी दीपक के साथ कार से कन्नौज जा रहे थे। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 29.650 पर चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर मेटल बीम क्रैश बैरियर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में दीपक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व यूपीडा टीम ने घायल को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। दूसरा हादसा सोमवार दोपहर करीब दो बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 34 पर हुआ। बिहार के थाना हबेली खड़गपुर, जिला मुंगेर निवासी ट्रक चालक पवन कुमार पुत्र रामलखन यादव ट्रक में धान लोड कर मुंगेर से करनाल (हरियाणा) जा रहा था। जैसे ही थाना फतेहाबाद क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 34 पर पहुंचा तो ट्रक चालक को नींद की झपकी आने से ट्रक मेटल बीम क्रैश बैरियर तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे खाई में जाकर पलटा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। पुलिस व यूपीडा टीम ने घायल को अस्पताल भेजा। ट्रक को क्रेन की मदद से बाहर निकाला जा रहा है। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधा मोहन द्विवेदी ने बताया कि दोनों ही हादसे वाहन चालकों को नींद की झपकी आने के कारण हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।