विमल नेगी की मौत के मामले में सोमवार को उनकी पत्नी किरण नेगी ने शिमला में प्रेस वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने दावा किया कि उनके पति की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि हत्या का मामला है और इसके पीछे पेखुवाला परियोजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का संबंध हो सकता है। प्रेस वार्ता के दौरान किरण नेगी ने आरोप लगाया कि मामले की जांच के दौरान कुछ पुलिस अधिकारियों ने साक्ष्यों को प्रभावित या नष्ट करने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले के पीछे किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण होने के कारण अब तक संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। इस दौरान जनजातीय मंच के प्रतिनिधियों ने भी पेखुवाला परियोजना में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग की। मंच ने कहा कि वह इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करेगा।