शिमला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला में गुरुवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम शिमला शहरी सनी शर्मा, डीएसपी सिटी गुलशन नेगी और कसुम्पटी चौकी प्रभारी सहित अन्य वक्ताओं ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सनी शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक जिम्मेदारियों, अनुशासन और जीवन में सही निर्णय लेने के महत्व के बारे में बताया। वहीं डीएसपी सिटी गुलशन नेगी ने बच्चों को बाल एवं महिला अपराध, साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अपराधों से बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्कूल की छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया और वक्ताओं से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रधानाचार्य विद्या बांश्टू ने सभी वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।