राजधानी शिमला में गुरुवार को जमकर बारिश हुई। सुबह से ही बादल छाए रहने के बाद शहर में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम ठंडा और सुहावना हो गया। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है और कुछ जगहों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 अगस्त को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 7 और 8 अगस्त को भी कई स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके बाद, 9, 10 और 11 अगस्त को एक बार फिर व्यापक वर्षा होने का अनुमान है, जिसमें कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।