राजधानी शिमला से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित क्रेगनैनो नेचर पार्क इस बार मौसम की दोहरी मार झेल रहा है। समय पर बारिश न होने के कारण यहां ट्यूलिप बहुत कम खिले हैं। वहीं जो कुछ ट्यूलिप खिले थे, उन्हें बीते दिनों हुई ओलावृष्टि ने खराब कर दिया। हर साल यहां गर्मियों से पहले ट्यूलिप के बल्ब लगाए जाते हैं और मार्च के मध्य तक पूरा पार्क फूलों से भर जाता है, लेकिन इस बार मौसम साथ नहीं दिया। बारिश कम होने के कारण ट्यूलिप ठीक से नहीं खिले और जो खिले थे, वे भी ओलावृष्टि की वजह से नष्ट हो गए। इस कारण इस बार पार्क में ट्यूलिप देखने आने वाले पर्यटकों को निराशा हाथ लग रही है। कई लोग फूल देखने पहुंचे, लेकिन उन्हें बिना ट्यूलिप देखे ही वापस लौटना पड़ा। वन विभाग ने इस साल भी यहां करीब 3000 से ज्यादा ट्यूलिप बल्ब लगाए थे, जिनमें अलग-अलग किस्में शामिल थीं। हालांकि इस बार नए बीज नहीं मंगवाए गए थे। इसके बावजूद मौसम की मार के चलते ट्यूलिप नहीं खिल पाए।