राजधानी की भट्ठाकुफर फल मंडी में बुधवार को इस सीजन डार्क बेरन गाला किस्म के सेब की पहली खेप पहुंची। सीजन की शुरुआत में ही इस प्रीमियम किस्म को बेहतर दाम मिलने से बागवानों के चेहरे खिल उठे। भट्ठाकुफर फल मंडी के आढ़ती मोहन ने बताया कि डार्क बेरन गाला की पहली खेप कुमारसेन क्षेत्र से मंडी पहुंची। इसमें कुल 28 हाफ बॉक्स शामिल थे, जिन्हें 2500 रुपये प्रति हाफ बॉक्स के भाव से खरीदा गया। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में ही अच्छे दाम मिलने से बागवानों में इस सीजन को लेकर उत्साह बढ़ा है। आने वाले दिनों में सेब की अन्य किस्मों की आवक बढ़ने की भी उम्मीद है। आढ़ती मोहन के अनुसार, मंडी में इन दिनों टाइडमेन किस्म का सेब भी पहुंच रहा है। इसकी गुणवत्ता के अनुसार फुल बॉक्स 1600 से 2400 रुपये तक बिक रहा है। वहीं, नाशपाती 2000 रुपये प्रति हाफ बॉक्स के भाव से कारोबार कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस सीजन बागवानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और मंडियों में सेब की आवक लगातार बढ़ेगी।