शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर स्थित टेवरन हॉल में चंडीगढ़ के तीन चित्रकारों की कला का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। गुरुवार को तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी ‘त्रिवेणी’ का शुभारंभ उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने किया। प्रदर्शनी में राखी उन्मनी सिंह, शिल्पी सिंह पटेल और केआर कोहली की आकर्षक कलाकृतियां कला प्रेमियों के लिए प्रदर्शित की गई हैं। इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने प्रदर्शनी में सजी सभी कलाकृतियों का अवलोकन किया और चित्रकारों की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने तीनों कलाकारों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां शहरवासियों को दूसरे शहरों के कलाकारों से रूबरू होने का अवसर देती हैं।