राजस्व और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि बालूगंज थाने में दर्ज एफआईआर की जांच रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ने धनबल व प्रलोभन पर प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के लिए कोशिश की। कांग्रेस के छह विधायकों व तीन निर्दलीय विधायकों पर करोड़ों रुपये खर्च किए। उन्हें हेलिकॉप्टर में लाया और ले जाया गया। एक महीने से अधिक समय तक इन्हें बंधक बना कर रखा गया जो पूरी तरह अपराध बनता है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, अध्यक्ष राजीव बिंदल व अन्य भाजपा नेताओं ने 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के पोलिंग एजेंट के साथ बदसलूकी करते हुए इस चुनाव में व्यवधान डाला। विधानसभा परिसर के गेट को तोड़ने की कोशिश की गई। इस सबकी शिकायत कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की है पर आयोग ने अभी तक इस पर कोई कार्रवाही नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश पर उपचुनाव थोप कर विकास की गति को प्रभावित किया है।